पुलिस ने पिकअप से दो मादा ऊंट मुक्त करवाकर आरोपी को किया गिरफ्तार
झुंझुनूं जिले के पुलिस थाना पचेरी कलां क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में ऊंट तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दो मादा ऊंटों को मुक्त करवाकर पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है।
गौरक्षक दल की सूचना पर पुलिस पहुंची मौके पर
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में की गई।
पुलिस को गौरक्षक दल से सूचना मिली कि पचेरी कलां से सिंघानिया यूनिवर्सिटी के पास मुख्य सड़क पर एक पिकअप गाड़ी खड़ी है, जिसमें ऊंटों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन की जांच की।
पिकअप में रस्सियों से बंधे मिले दो ऊंट
पुलिस ने जब पिकअप का पिछला हिस्सा खुलवाया तो अंदर दो मादा ऊंट क्रूरता से रस्सियों से बंधे हुए मिले।
दोनों ऊंटों के पैर और मुंह बांधे गए थे, जिससे उन्हें सांस लेने और बैठने में कठिनाई हो रही थी।
पुलिस के अनुसार ऊंटों के शरीर पर रगड़ के निशान और चोटें भी दिखाई दीं और उनकी हालत गंभीर थी।
हरियाणा ले जाकर वध करने की थी योजना
पिकअप में बैठे चालक ने अपना नाम अजीम खान (32) निवासी दोहा थाना झिरका फिरोजपुर, जिला नूंह मेवात (हरियाणा) बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह दोनों ऊंटों को पास के गांव से खरीदकर मेवात ले जा रहा था, जहां उन्हें बुचड़खाने में वध के लिए ले जाया जा रहा था।
जब पुलिस ने उससे लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पशु चिकित्सक से कराया इलाज
पुलिस ने दोनों मादा ऊंटों को मुक्त करवाकर कब्जे में लिया और पशु चिकित्सक से उनका इलाज व मेडिकल जांच करवाई।
आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता और अवैध तस्करी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई थानाधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और सीओ नोपाराम भाकर के सुपरविजन में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
