झुंझुनूं जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन में की गई।
महिला ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट की। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए तथा घर में रखा सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक नानचाराम द्वारा की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार
थानाधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोनू उर्फ मोहन को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की उम्र 22 वर्ष है और वह नावता गांव का निवासी है।
मामले में जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।





