Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / Jhunjhunu News : साधु बनकर गहने लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

,

Jhunjhunu News : साधु बनकर गहने लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Pilani police arrest interstate gang posing as sadhu

खाटूश्याम का रास्ता पूछकर बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनी थीं
झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना पुलिस ने साधु के वेश में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर गहने छीनने वाले अंतरराज्यीय गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन में की गई।

रास्ता पूछने के बहाने छीने गहने

पुलिस के अनुसार धिधवा बिचला निवासी 73 वर्षीय शांति देवी 24 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे धिधवा आथूना से अपने घर लौट रही थीं।

इस दौरान सेठा वाले मंदिर के पास कार में आए दो व्यक्तियों ने उनसे खाटूश्याम जी का रास्ता पूछा।

एक आरोपी ने साधु जैसे कपड़े पहन रखे थे, जबकि दूसरा सादे कपड़ों में था।

बातचीत के दौरान दोनों ने बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर सोने की बालियां और चांदी की अंगूठी झपट ली और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से हुई पहचान

घटना के बाद पिलानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आसूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी उप जिला कारागृह भादरा में बंद हैं।

इसके बाद पुलिस ने 5 मार्च 2026 को प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें गिरफ्तार किया

हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है:

  • राजवीर नाथ (33) निवासी कन्होरा, थाना रोहाड़ी, जिला रेवाड़ी (हरियाणा)
  • दीवान उर्फ सुनील (22) निवासी वार्ड नंबर 17 दिनोद, थाना सदर भिवानी, जिला भिवानी (हरियाणा)

कई थानों में वारदात कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पिछले छह महीनों में कई वारदातें करना स्वीकार किया है।

इनमें सिद्धमुख, भादरा, भिरानी, राजगढ़ और हमीरवास थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पुलिस रिमांड लेकर आगे की गहन जांच की जाएगी

ऐसे करते थे वारदात

पुलिस के अनुसार आरोपी साधु का वेश धारण कर धार्मिक स्थानों का रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग और अकेली महिलाओं को विश्वास में लेते थे।

इसके बाद मौका देखकर गहने झपटकर कार से फरार हो जाते थे

आरोपी नंबर प्लेट और वेशभूषा बदलने में भी माहिर बताए जा रहे हैं।