Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / Jhunjhunu News: झुंझुनूं में 1426 करोड़ का फसल बीमा क्लेम किसानों को जारी

Jhunjhunu News: झुंझुनूं में 1426 करोड़ का फसल बीमा क्लेम किसानों को जारी

किसानों के खातों में डीबीटी से पहुंची बीमा क्लेम की पहली किस्त

झुंझुनूं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत झुंझुनूं में सोमवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में 48.74 लाख पंजीकृत किसानों को 1426 करोड़ रुपये का क्लेम डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किया गया।

कृषि मंत्री ने सराहा राजस्थान सरकार के प्रयास

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ और किसान देश की आत्मा हैं। डबल इंजन सरकार किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। ब्याज मुक्त ऋण, पीएम किसान सम्मान निधि में वृद्धि और दिन में बिजली जैसी सुविधाओं ने किसानों को बड़ी राहत दी है।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले प्राकृतिक आपदा में व्यक्तिगत किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से एक भी किसान अपनी फसल का पूरा मुआवजा सीधे बैंक खाते में पा सकता है।

नकली बीज और खाद के खिलाफ सख्त कानून

चौहान ने घोषणा की कि नकली बीज, खाद और पेस्टिसाइड पर रोक लगाने के लिए नया कानून बनाया जाएगा। साथ ही विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाकर वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार किसानों को ऊर्जादाता बनाने के लिए सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली में आत्मनिर्भर करने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 7 करोड़ 4 लाख फसल बीमा पॉलिसी जारी की जा चुकी हैं और 1 करोड़ 48 लाख किसानों को क्लेम का भुगतान हुआ है।

उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र में यमुना जल लाने के समझौते और किसानों के लिए डीबीटी के माध्यम से योजनाओं की राशि सीधे खाते में भेजने को बड़ी उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में हुई सीधी क्लेम ट्रांसफर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने बटन दबाकर रबी 2024-25 और खरीफ 2024 की बीमा दावा राशि की पहली किस्त ट्रांसफर की। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी दिए गए।

इस मौके पर सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, विधायकगण और किसान मौजूद रहे।