पिलानी के युवा निशानेबाज ने 50 मीटर थ्री पोजीशन में रचा इतिहास
झुंझुनूं जिले के पिलानी स्थित पंचवटी के पास थार शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के होनहार निशानेबाज प्रिंस पूनिया ने नई दिल्ली में आयोजित एशियाई राइफल पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और राजस्थान का नाम रोशन किया है।
प्रिंस ने 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में गोल्ड जीतकर दमदार आगाज किया।
मेहनत और लगन का परिणाम
अंतरराष्ट्रीय प्रमाणित कोच धर्मेंद्र डूडी ने बताया,
यह सफलता लगातार मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में गोल्ड जीतना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि प्रिंस की शूटिंग यात्रा थार शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी से शुरू हुई और आज वह एशिया स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
एशिया के शीर्ष निशानेबाजों के बीच चमके
पूर्व आर्मी कोच नरेंद्र डूडी ने कहा,
एशिया के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाजों के बीच पदक जीतना खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। हमारा सपना है कि खिलाड़ी ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर भारत का नाम रोशन करें।
इस प्रतियोगिता में एशिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में प्रिंस का गोल्ड मेडल जीतना शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
प्रिंस की जीत के बाद पिलानी और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में प्रिंस ओलंपिक मंच पर भी भारत के लिए पदक जीतेंगे।
युवा निशानेबाज की इस उपलब्धि ने न केवल थार अकादमी बल्कि पूरे झुंझुनूं जिले को गौरवान्वित किया है।
