कुरुक्षेत्र में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन
झुंझुनूं स्थित श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी के मुक्केबाज राहुल ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
80–85 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अरुण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरुष वर्ग के 80–85 किलोग्राम भार वर्ग में राहुल ने कई मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक अपनी जगह बनाई।
इस उपलब्धि के साथ राहुल ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए भी अपनी पात्रता सुनिश्चित कर ली है।
सेमीफाइनल में 5–0 से जीत
सेमीफाइनल मुकाबले में राहुल ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के विषेश कुमार को 5–0 के एकतरफा निर्णय से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
उनकी इस जीत ने विश्वविद्यालय और खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया।
फाइनल में कड़ा मुकाबला
फाइनल मुकाबले में राहुल का सामना सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली के युवराज से हुआ। इस मुकाबले में राहुल को 5–0 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
इस दौरान बॉक्सिंग टीम के साथ डॉ. संजय कुमार मैनेजर के रूप में मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
चेयरपर्सन डॉ. विनोद टिबरेवाला ने राहुल की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पदक विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और मजबूत खेल संस्कृति का प्रमाण है।
वहीं प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता ने कहा कि राहुल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया है और यह उपलब्धि भविष्य की बड़ी सफलताओं का संकेत है।
विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. अजीत कुमार, मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. अमन गुप्ता, खेल निदेशक डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. महेश सिंह, डॉ. सुरेन्द्र कुमार, डॉ. इकराम कुरैशी और पीआरओ डॉ. रामनिवास सोनी ने भी राहुल को बधाई दी।
