झुंझुनूं। शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने वक्फ बोर्ड भूमि विवाद मामले में पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा सहित 14 नामजद और 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामला दरगाह हांडी शाह परिसर में कथित तोड़फोड़ और सुरक्षा दीवार गिराने से जुड़ा हुआ है।
दरगाह सेवक ने दी रिपोर्ट
पीड़ित मोहम्मद शरीफ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 8 मई की शाम करीब 8 बजे राजेंद्र सिंह गुढ़ा के नेतृत्व में दर्जनों लोग हाथों में कस्सी, फावड़े और हथियार लेकर दरगाह परिसर में घुस आए।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने वक्फ बोर्ड द्वारा बनाई गई सुरक्षा दीवार को ढहा दिया और दुकान में रखी साइकिलों सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
बदसलूकी और तोड़फोड़ के आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद लोगों के साथ बदसलूकी भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), वक्फ अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले हटाया गया था अतिक्रमण
जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को प्रशासन ने दरगाह हांडी शाह की वक्फ भूमि से कथित अवैध अतिक्रमण हटवाया था।
इसके बाद जिला वक्फ कमेटी ने सुरक्षा के उद्देश्य से वहां चारदीवारी का निर्माण करवाया था।
कई लोगों को बनाया आरोपी
पुलिस रिपोर्ट में मोहम्मद अली, आबिद, आयुब, लियाकत रंगरेज, यूनुस उर्फ मुंशी, साजिद, सलीम, फरियाद और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





