Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / रिटायर्ड फौजी उदयवीर की हत्या के दो माह बाद भी नहीं मिला मुआवजा? परिजन पहुंचे बेनीवाल के दरबार, कलेक्टर से हुई बात

,

रिटायर्ड फौजी उदयवीर की हत्या के दो माह बाद भी नहीं मिला मुआवजा? परिजन पहुंचे बेनीवाल के दरबार, कलेक्टर से हुई बात

Family of retired army man meets Hanuman Beniwal for compensation

चिड़ावा सूरजगढ़ तहसील के बामनवास गांव निवासी रिटायर्ड फौजी उदयवीर की हत्या के करीब दो माह बाद भी मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उनके परिजनों ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात कर न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की।

परिजनों ने सांसद को परिवार की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए सरकार द्वारा सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।

जयपुर पहुंचकर रखी अपनी बात

जानकारी के अनुसार झुंझुनूं के आरएलपी नेता दिनेश सहारण की पहल पर मृतक के बड़े भाई योगेंद्र चाहर और पुत्र दिनेश कुमार जयपुर स्थित आरएलपी कार्यालय पहुंचे।

यहां उन्होंने सांसद हनुमान बेनीवाल को पूरे मामले की जानकारी दी और परिवार को राहत दिलाने की मांग की।

सांसद ने जिला कलेक्टर से की चर्चा

मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग से दूरभाष पर बातचीत की।

उन्होंने मृतक परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने परिजनों को सोमवार को कार्यालय आने के लिए कहा और नियमानुसार हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मार्च में हुई थी हत्या

उदयवीर की हत्या 29 मार्च की रात हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि परिजनों का कहना है कि अब तक आर्थिक सहायता और मुआवजे से संबंधित मांगों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है।

प्रदर्शन के दौरान उठी थीं कई मांगें

घटना के बाद ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान मृतक परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी सहित विभिन्न मांगें उठाई गई थीं।

परिजनों का कहना है कि वे प्रशासन से न्यायोचित राहत और सहायता की उम्मीद कर रहे हैं।

सोमवार की बैठक पर टिकी निगाहें

अब परिजनों की उम्मीदें सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तावित बैठक पर टिकी हुई हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें प्रशासन से सकारात्मक निर्णय और राहत मिलने की आशा है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur