चैत्र नवरात्र पर 31 पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशती पाठ, गूंजे मंत्र
उदयपुरवाटी। कैलाश बबेरवाल झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी स्थित सकराय धाम शाकंभरी मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है।
नवरात्र के चौथे दिन रविवार को अवकाश होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
31 पंडितों द्वारा शतचंडी अनुष्ठान
मंदिर परिसर स्थित मदनमोहन मंदिर में विशेष शतचंडी अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है।
इस अनुष्ठान का संचालन पंडित केदार शर्मा और डॉ. सुमन शर्मा के सानिध्य में हो रहा है।
वहीं आचार्य जगदीश प्रसाद शास्त्री और महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में 31 विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है।
मंत्रों और आरती से गुंजायमान वातावरण
सुबह की मंगला आरती से लेकर शाम की संध्या आरती तक पूरा परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।
मंत्रोच्चार, धूप-दीप और भजन की सुगंध से पूरे धाम का वातावरण अलौकिक और भक्तिमय बन गया।
भक्तों की आस्था और अनुष्ठान
मुख्य मंदिर के साथ-साथ परिसर की विभिन्न धर्मशालाओं में भी श्रद्धालुओं द्वारा व्यक्तिगत और सामूहिक अनुष्ठान करवाए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि नवरात्र के दौरान यहां पाठ और जप करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
अवकाश के चलते उमड़ी भीड़, व्यवस्था पुख्ता
रविवार के अवकाश के कारण स्थानीय और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मंदिर कमेटी और प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
