झुंझुनूं जिले के श्री नेतराम महाराज टिबरेवाला कन्या महाविद्यालय में छात्र संगठन SFI ने मंगलवार को छात्राओं की समस्याओं को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय में सुरक्षा, साफ-सफाई और छात्राओं के बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याओं को उठाया गया।
“कन्या महाविद्यालय में नहीं है वर्दीधारी गार्ड”
SFI तहसील अध्यक्ष अमित शेखावत द्वारा जारी प्रेस नोट में तहसील संयुक्त सचिव प्रिया महला ने बताया कि कन्या महाविद्यालय होने के बावजूद यहां कोई वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड नियुक्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं होगा।
“छात्राओं की सुरक्षा के लिए कॉलेज में तुरंत सुरक्षा गार्ड लगाए जाएं।” प्रिया महला
साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था नहीं
तहसील कमेटी सदस्य अंतिमा चौधरी ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है।
इसके साथ ही छात्राओं के लिए पार्क या परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था भी नहीं है, जिससे छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
छात्राओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बड़ी संख्या में छात्राएं रहीं मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील महासचिव आकाश धनकड़, तहसील उपाध्यक्ष पिंटू सैनी, जैसिका, सोनू, आस्था, भावना, काजल, युक्ति यादव, मान्यता, साक्षी, अनुष्का और रीतिका सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।





