झुंझुनूं जिले के बगड़ स्थित शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (एसएमटीआई) में सोमवार को हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, नीमराणा के लिए कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया।
ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन द्वारा संचालित इस संस्थान में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
82 अभ्यर्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
संस्थान अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि देश की अग्रणी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के लिए अधिकृत एक्सीलेंस एजेंसी के एचआर प्रतिनिधि शंकर सिंह रावत ने साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की।
प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 82 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें से 41 प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया गया।
चयनित युवाओं को मिलेगा आकर्षक पैकेज
कंपनी प्रतिनिधि शंकर सिंह रावत ने बताया कि चयनित प्रशिक्षणार्थियों को लगभग 2,39,856 रुपये वार्षिक पैकेज दिया जाएगा।
इसके साथ ही कर्मचारियों को पीएफ, ईएसआईसी और कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशिक्षणार्थियों की कार्यकुशलता की सराहना
प्लेसमेंट प्रक्रिया से पहले कंपनी प्रतिनिधियों ने संस्थान परिसर का दौरा किया और प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया।
उन्होंने छात्रों की कार्यकुशलता और तकनीकी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी प्रतिभावान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
अतिथियों का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विवेक कौशिक, कुम्भाराम, ओमप्रकाश शर्मा और बाबूलाल सैनी ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
संस्थान के सीईओ विकास खटोड़ ने कंपनी प्रतिनिधि शंकर सिंह रावत को प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित तोप का मॉडल स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया।





