झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊंट तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 नर ऊंट और 3 मादा ऊंटनी को मुक्त करवाया है।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा कंटेनर वाहन भी जब्त किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (IPS) के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में सुलताना थानाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम किठाना में एक कंटेनर में ऊंटों को भरा जा रहा है और उनके मुंह बांधे हुए हैं।
जबरन कंटेनर में चढ़ाए जा रहे थे ऊंट
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एचआर 66 सी 3091 नंबर का कंटेनर खड़ा मिला।
पुलिस ने देखा कि कंटेनर के पास मिट्टी का रैम्प बनाकर ऊंटों को जबरन वाहन में चढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद ऊंट और ऊंटनियों के मुंह बंधे हुए थे तथा उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
बकरीद पर मेवात ले जाने की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि वे आसपास के गांवों से ऊंट खरीदकर उन्हें नूंह मेवात ले जा रहे थे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि बकरीद के दौरान वध के उद्देश्य से ऊंटों की बिक्री की जानी थी।
गौशाला में छुड़वाए गए ऊंट
पुलिस ने सभी 6 ऊंट-ऊंटनी को मुक्त करवाकर श्याम गौशाला सुलताना में सुरक्षित भिजवाया।
इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर कंटेनर जब्त कर लिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है
- प्रवीण कुमार यादव निवासी गुआना, बहरोड़
- बाबूलाल निवासी अजाड़ी खुर्द, झुंझुनूं
- नजर मोहम्मद निवासी पटौदी, गुरुग्राम
- विशाल निवासी अजाड़ी खुर्द, झुंझुनूं
जांच जारी
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और ऊंट तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।





