उदयपुरवाटी,कैलाश बबेरवाल। झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक के साथ कथित मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद
ककराना निवासी कमलेश कुमार पुत्र धुंडाराम गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे उनका बजरी से भरा ट्रैक्टर गुढ़ागौड़जी बाजार स्थित वीर हनुमान कॉम्प्लेक्स के पास सड़क किनारे खड़ा था।
शिकायत के अनुसार, वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह होने के बावजूद एक निजी बस के कंडक्टर ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि कंडक्टर ने गाली-गलौज करते हुए ट्रैक्टर की चाबी भी निकाल ली।
चंवरा मोड़ पर घेरकर मारपीट का आरोप
पीड़ित के अनुसार, बाद में जब वह मोटरसाइकिल से टोडी स्थित अपने बाड़े की ओर जा रहा था, तब बस कंडक्टर और उसके तीन अन्य साथियों ने उसका पीछा किया।
कमलेश का आरोप है कि चंवरा मोड़ के पास चारों आरोपियों ने उसे रोक लिया और लात-घूंसों से मारपीट की।
गर्दन, कमर और पैर में आई चोटें
शिकायत में बताया गया है कि हमले के दौरान पीड़ित को गर्दन, कमर और पैर में चोटें आईं। साथ ही आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने गुढ़ागौड़जी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





