उदयपुरवाटी (कैलाश बबेरवाल)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 (पुराना वार्ड नंबर 1) के लोगों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक भगवाना राम सैनी के विधायक कोटे से स्वीकृत 14 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया नया ट्यूबवेल सफल रहा है।
मुस्ताक अली और श्रीकृष्ण चंद्र सुमन के घर के बीच करवाए गए इस ट्यूबवेल बोरिंग में पर्याप्त मात्रा में पानी निकलने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
पानी निकलते ही खुशी से झूम उठे युवा
जैसे ही ट्यूबवेल से तेज वेग के साथ पानी बाहर निकला, मौके पर मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। खासकर युवाओं ने पानी की बौछारों में नहाकर और जयकारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
पूरे वार्ड में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
“लंबे समय बाद वार्ड में पानी की बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।” स्थानीय निवासी
विधायक सैनी का जताया आभार
वार्ड वासियों ने इस जनहित कार्य के लिए विधायक भगवाना राम सैनी का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इस ट्यूबवेल से आने वाले समय में हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान रुडमल सैनी, जगदीश प्रसाद, सुवाली, पार्वती, बलदेवाराम, गोपाल, लालचंद, लालाराम, दिनेश, विकास, मुस्ताक अली, चौथमल, गणेश, रोशन, रायसल, राकेश और राहुल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
पेयजल संकट से मिलेगी राहत
स्थानीय नागरिकों के अनुसार गर्मी के मौसम में वार्ड में पानी की भारी किल्लत रहती थी। नए ट्यूबवेल के सफल होने से अब नियमित जलापूर्ति की उम्मीद बढ़ गई है।
पालिका क्षेत्र में यह कार्य लोगों के लिए बड़ी राहत और विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





