उदयपुरवाटी,कैलाश बबेरवाल। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते पेयजल संकट को लेकर उदयपुरवाटी क्षेत्र में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
भैंरूघाट स्थित शारदा कला निकेतन में जल संघर्ष समिति और अरावली चेतना संस्थान सेवा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें पानी की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई।
पानी की समस्या पर आंदोलन की चेतावनी
बैठक में जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष नथू राम ने कहा कि यदि सोमवार तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति शुरू नहीं हुई, तो गांव-गांव में आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हालात बिगड़ने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
आमरण अनशन तक की चेतावनी
संयोजक एडवोकेट के.के. सैनी ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान हैं, लेकिन प्रशासन पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पा रहा।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पीएचईडी के एईएन अनूप अग्रवाल और एसडीएम कार्यालय में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
अधिकारियों ने सोमवार तक टैंकर सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन दिया है।
इस संबंध में तहसीलदार जे.आर. कुड़ी से भी दूरभाष पर वार्ता की गई, जिन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में पंचायत राज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत चंदेलिया और जिलाध्यक्ष विजय सिंह मील विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इसके अलावा मोहन लाल, कैलाश साधक, भूरा सैनी, सांवर मल खटाना, रमेश गुर्जर कोट, नाथूलाल सैनी सहित कई ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भीषण गर्मी से बढ़ी परेशानी
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हीटवेव के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। कई गांवों में पेयजल सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।





