Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / वैशाली गायकवाड़ को बनाया आदर्श समाज समिति इंडिया कला एवं संस्कृति विभाग का अध्यक्ष

वैशाली गायकवाड़ को बनाया आदर्श समाज समिति इंडिया कला एवं संस्कृति विभाग का अध्यक्ष

झुंझुनू, राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने पुणे महाराष्ट्र की सामाजिक कार्यकर्ता व संस्कृति प्रेमी वैशाली गायकवाड़ को कला एवं संस्कृति विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। संस्थान के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने कार्यालय से नियुक्ति पत्र जारी करते हुए बताया कि वैशाली गायकवाड़ पुणे महाराष्ट्र की रहने वाली हैं और वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं। भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति उनका गहरा लगाव है। भारतीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से वैशाली गायकवाड़ को कला एवं संस्कृति विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पत्र के अनुसार उन्हें 30 दिवस में कार्यकारणी गठित करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी जाति या धर्म के खिलाफ कोई अभद्र टिप्पणी नहीं करने और नफरत फैलाने वाले संगठनों से दूर रहने के लिए निर्देशित किया गया है।

धर्मपाल गाँधी ने बताया कि हमारी संस्कृति विविधता में एकता संसार को एकजुटता का संदेश देती है। कला और संस्कृति का आपसी रिश्ता काफी गहरा है। कला संस्कृति की प्रवक्ता होती है। कला के माध्यम से ही संस्कृति हमारे जीवन में अभिव्यक्ति पाती है। कला अपने सांस्कृतिक सरोकारों के साथ आगे बढ़ती है। इसकी अभिव्यक्ति कला के विविध रूपों (संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, स्थापत्य कला, सिनेमा, फोटोग्राफी, साहित्य आदि) में जीवंत होती है। संस्कृति को साथ लेकर चले बिना किसी भी देश का वास्तविक विकास संभव नहीं है। भारत एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाला देश रहा है, जिसकी कीर्ति आज भी पूरे विश्व में अपनी संपूर्ण आभा के साथ विद्यमान है। भारतीय कला विश्व की अन्य कलाओं की अपेक्षा जो न केवल अधिक सामर्थ्यवान है बल्कि सबसे अधिक ख्याति प्राप्त भी है। हमें हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाना है। आदर्श समाज समिति इंडिया की नवनियुक्त कला एवं संस्कृति विभाग की अध्यक्ष वैशाली गायकवाड़ से अपेक्षा की जा सकती है कि वे भारतीय कला एवं संस्कृति का प्रचार प्रसार करने के लिए विभिन्न प्रांतों का भ्रमण करने के साथ समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती रहेंगी। स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में भी कार्यक्रम आयोजित करती रहेंगी। आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार इस मुहिम में उनके साथ रहेगा। वैशाली गायकवाड़ को कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाये जाने पर संस्थान के कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur