Hindi News / Health News (चिकित्सा समाचार) / अब आनस्पाट हो सकेंगे खाद्य सामग्री की निःशुल्क जांच

,

अब आनस्पाट हो सकेंगे खाद्य सामग्री की निःशुल्क जांच

जिले को मिली मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब मोबाइल वैन

सीकर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा जयपुर में आयोजित किए गए अंगदान जीवनदान महाभियान के शुभारम्भ समारोह में 25 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब को अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया। यह मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब सीएमएचओ कार्यालय (स्वास्थ्य भवन) पहुंची। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ निर्मल सिंह ने बताया कि जिले के उपभोक्ता अब मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच मौके पर ही करवा सकेंगे। केवल 15-20 मिनट में यह भी पता चल जाएगा कि उन पदार्थों में कितनी मिलावट है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की टीम संबंधित दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा सकेगी। यह मोबाइल वैन मिलावटी पदार्थों की जांच के साथ-साथ उपभोक्ताओं और व्यापारियों को मिलावट को लेकर जागरुक भी करेगी। यह लैब निर्धारित शैड्यूल के तहत अलग-अलग जगहों, बाजारों, मेलों और बड़े-बड़े समारोह में भेजी जाएगी। आमजन मौके पर ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता की निशुल्क जांच कराकर रिपोर्ट ले सकेंगे। शैड्यूल के अनुसार क्षेत्र का कोई भी उपभोक्ता मौके पर दूध, दूध से बने पदार्थ, आटा, दाल, चावल, तेल, घी, मसाले, ठंडे पेय पदार्थ तथा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की जांच करा सकेगा।

जांच के लिए वैन में लगे हैं अत्याधुनिक उपकरण

सीएमएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि फूड सेफ्टी स्टेण्डर्ड ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) ने चिकित्सा विभाग सीकर को एक मॉर्डन फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स उपलब्ध करवाई है। मोबाइल लैब में मिल्क एनालाइजर, हॉट एयर ओवन, हॉट प्लेट, मिक्सर ग्राइंडर, डिजिटल वेइंग स्केल, डिजिटल मल्टी पैरामीटर, हेड हेल्ड मीटर, डिजिटल रिफ्रेक्टोमीटर आदि जांच के अत्याधुनिक उपकरण मौजूद हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा दूध में फैट की मात्रा, मिलावट वाले स्टार्च, यूरिया, पानी में जीएच, टीडीएस, कंडक्टिविटी जैसे रसायनों की जांच मौके पर ही की जा सकेगी। सुरक्षा के संबंध में जनता को व्यापक स्तर पर जागरूक करने के लिए एलईडी, रिपोर्ट देने के लिए प्रिंटर व डेटा के लिए कंप्यूटर उपलब्ध रहेगा।

मेला स्थल पर बिकने वाली खाद्य सामग्री की होगी जांच

उन्होंने बताया कि जिले में आयोजित होने वाले मेलों, बाजारों एवं बड़े समारोहों में बिकने वाली खाद्य सामग्री की शुद्धता की जांच करवाकर रिपोर्ट प्राप्त की जा सकेगी। खाटूश्यामजी, जीणमाता आदि मेले में खाद्य सामग्री की शुद्धता की जांच आनस्पाट ही की जा सकेगी और दूषित सामग्री की रिपोर्ट मिलने पर उसी समय दूषित खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया जा सकेगा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur