Hindi News / नीमकाथाना / कलक्टर ने पौधारोपण करने की जिले वासियों से की अपील

कलक्टर ने पौधारोपण करने की जिले वासियों से की अपील

नीमकाथाना, कलेक्टर शरद मेहरा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम पंचायत गोविंदपुरा के मनरेगा निर्माण कार्य चारागाह विकास एवं वृक्षारोपण कार्य ग्राम पंचायत गोविंदपुर का निरीक्षण किया तथा पौधे लगाए। उन्होंने पर्यावरण प्रेमी जुगल किशोर शर्मा का सम्मान भी किया, जिन्होंने 500 बीघा भूमी पर ग्राम पंचायत गोविन्द पूरा के ग्राम वासियों के सहयोग से चारागाह भूमी पर मनरेगा में 5000 पौधे लगाए तथा 5000 पौधे गोविंदपुरा पहाड़ी पर लगाए गए हैं। पर्यावरण प्रेमी जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत गोविंदपुरा के निवासियों ने अपने बच्चों के जन्मदिन पर पौधारोपण कर जन्मदिन मनाने का संकल्प लिया है। सभी ग्रामवासी वृक्षारोपण करके ही जन्मदिन मनाते हैं।

मेहरा ने पर्यावरण दिवस पर उपस्थित ग्रामीण जनों मनरेगा श्रमिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया तथा बच्चों को भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में जोड़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिलेवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधारोपण करने के साथ ही पौधे की सुरक्षा करने का संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण करना एवं उसकी रक्षा करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। इंसान के लोभ, सुविधावाद एवं तथाकथित विकास की अवधारणा ने पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण न केवल नदियां, वन, रेगिस्तान, जलस्रोत सिकुड़ रहे हैं बल्की तापमान का 50 डिग्री पार करना जो विनाश का संकेत है , जिससे मानव जीवन भी असुरक्षित होता जा रहा है। इस वर्ष बढ़ी हुई गर्मी एवं तापमान ने न केवल जीवन को जटिल बनाया बल्कि अनेक लोगों की जान भी गयी। वर्तमान समय में पर्यावरण के समक्ष तरह-तरह की चुनौतियां गंभीर चिन्ता का विषय बनी हुई हैं।-पौधे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। पौधे जब बड़े होते हैं, तो फल, फूल एवं छाया सहित जीवन जीने के लिए ऑक्सीजन देते हैं। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। पर्यावरण संरक्षण का दायित्व प्रत्येक नागरिक का है। हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ हमें मिल रहा है। हमारे आस-पास हरियाली दिख रही है। पर्यावरण को बचाना हम सबकी महती जिम्मेदारी है। पौधे लगाकर हम अपने वर्तमान के साथ ही भविष्य को भी संरक्षित करते हैं। समय रहते इस दिशा में सजग होकर जनसहभागिता से कार्य करने की जरूरत है। इस स्थिति को सुधारने के लिए जल संरक्षण एवं पौधारोपण की बहुत जरूरत है। जिला प्रशासन द्वारा भी इस दिशा में व्यापक कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री मेहरा ने गोविंदपुरा पहाड़ी में लगाए गए वृक्षारोपण का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्य की सराहना व ग्राम पंचायत में ठोस एवं तरल कचरा संग्रहण केन्द्र आर.आर. सी. वर्षा जल संग्रहण व पेयजल व्यवस्था के बारे मेें जानकारी ली तथा ग्राम में साफ सफाई का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्या सुनी और ग्राम सेवा सहकारी समिति जसीकाबास के कार्यालय का निरीक्षण किया गया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur