जयपुर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अवैध रिफलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
मुख्य सचिव और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन में विशेष प्रवर्तन दल ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की।
कई इलाकों में हुई संयुक्त कार्रवाई
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान शास्त्री नगर, जगतपुरा, दुर्गापुरा, मुहाना मंडी और सुंदर नगर क्षेत्रों में अवैध गैस रिफलिंग की पुष्टि हुई।
43 गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त
पूरी कार्रवाई के दौरान मौके से
- 43 घरेलू गैस सिलेंडर
- 02 इलेक्ट्रॉनिक कांटे
- 01 इलेक्ट्रॉनिक मोटर
- 03 बांसूरी
जब्त किए गए।
“अवैध रिफलिंग और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।” — जिला प्रशासन
5 लोगों के खिलाफ FIR की कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त 5 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हर कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस की मौजूदगी में की गई।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
शास्त्री नगर
जेपी कॉलोनी स्थित मकान में अवैध रिफलिंग पकड़ी गई, जहां 5 गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए गए।
जगतपुरा
सीताराम जी ढाणी क्षेत्र में 25 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
दुर्गापुरा और मुहाना
महारानी फार्म और मुहाना मंडी क्षेत्र में अवैध गैस रिफलिंग करते हुए कई सिलेंडर जब्त किए गए।
सुंदर नगर
मीणा पेट्रोल पंप के पीछे कार्रवाई में 4 घरेलू गैस सिलेंडर और उपकरण बरामद किए गए।
“ऑपरेशन प्रवर्तन” लगातार जारी
जिला प्रशासन ने बताया कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ “ऑपरेशन प्रवर्तन — सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गैस भंडारण या रिफलिंग गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।





