जयपुर, रूपये का लोगो डी. उदय कुमार, एयर इंडिया का महाराजा शुभंकर बॉबी कूका और अमूल बेबी शुभंकर सिलवेस्टर डी कुन्हा ने बनाया और रातों—रात लोगों के दिलों पर छा गए। अब युवाओं को ऐसा ही मौका दे रहा है, केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय। विकास एवं आजीविका से युवाओं को जोडने के उद्देश्य से मंत्रालय ने राष्ट्रव्यापी विकसित भारत-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन की शुरूआत की है। यह अभियान माय भारत पोर्टल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से देशभर के युवा विडियो चैलेंज, क्विज तथा रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर इस डिजिटल जन आंदोलन से जुड सकते हैं।
ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव एवं ईजीएस आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने बताया कि वीबी-जी राम जी लोगो डिजाइन प्रतियोगिता के माध्यम से देश एवं राज्य के नागरिकों को रचनात्मक एवं नवाचार पूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को अधिनियम का आधिकारिक लोगो बनाया जावेगा, जिसका उपयोग भविष्य में एक्ट के प्रचार-प्रसार तथा अन्य गतिविधियों में किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से 50 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
वीडियो प्रतियोगिता भी साथ में
अभियान के तहत “माय विलेज चैलेंज” नाम से एक नेशनल लेवल वीडियो प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है।
- वीडियो अवधि: 30 से 60 सेकंड
- अधिकतम साइज: 25 MB
- भाषा: कोई भी भारतीय भाषा
इसमें युवा अपने गांव के विकास, रोजगार और आजीविका से जुड़े विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
कैसे करें भागीदारी
इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से अपना लोगो या वीडियो अपलोड कर सकते हैं।
क्या मिलेगा फायदा
चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
साथ ही उन्हें कार्यक्रमों में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी दिया जाएगा।
युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल
यह पहल युवाओं को रचनात्मकता, नवाचार और डिजिटल भागीदारी से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
