Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / काम की नहीं, हुनरमंद युवाओं की कमी: कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय

काम की नहीं, हुनरमंद युवाओं की कमी: कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय

शेखावाटी विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव, 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Sikar News : काम की नहीं, हुनरमंद युवाओं की कमी: कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय

सीकर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में सोमवार को एनआईआईटी लिमिटेड, गुरुग्राम की ओर से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय और प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. आर.सी. मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

हुनर और कौशल पर दिया जोर

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में काम की कमी नहीं है, बल्कि दक्ष और हुनरमंद युवाओं की कमी है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के बाद विश्वविद्यालयों का स्वरूप बदल रहा है और अब हर विद्यार्थी के पास कोई न कोई कौशल होना जरूरी है।

उन्होंने इंटर्नशिप और इंडस्ट्री कोलेबोरेशन को वर्तमान समय की अहम जरूरत बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव मिलता है और वे रोजगार के लिए बेहतर तैयार हो पाते हैं।

प्लेसमेंट सिर्फ शुरुआत, असली चुनौती आगे

कुलगुरु ने कहा कि प्लेसमेंट केवल करियर की शुरुआत है, असली चुनौती कार्यस्थल पर खुद को साबित करना और लगातार आगे बढ़ना है। इसके लिए मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता जरूरी है।

उन्होंने छात्रों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और समय का सही उपयोग करने की सलाह भी दी। साथ ही सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ कॉर्पोरेट जगत के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

एचडीएफसी बैंक में होगी भर्ती

एनआईआईटी लिमिटेड के एसोसिएट सोर्सिंग पार्टनर हेड मनोज कश्यप ने बताया कि इस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से एचडीएफसी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए भर्ती की जाएगी। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद विभिन्न चरणों से गुजरना होगा।

200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

इस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ सीकर और झुंझुनूं जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्लेसमेंट सेल के सह संयोजक डॉ. डीपी सिंह, एनआईआईटी के सीनियर मैनेजर ऋषभ गौतम, प्रतिभा चौधरी, निशु सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur