Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / बाबा श्याम का कार्तिक महोत्सव 12 नवम्बर को

बाबा श्याम का कार्तिक महोत्सव 12 नवम्बर को

सीकर, खाटूश्याम जी में बुधवार को बाबा श्याम के कार्तिक शुक्ल एकादशी के अवसर पर 12 नवम्बर को आयोजित होने वाले कार्तिक महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता मेला मजिस्ट्रेट कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में यातायात, पार्किंग, अतिक्रमण, चिकित्सा, विद्युत सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई।

जिला कलेक्टर शर्मा ने कहा कि कार्तिक मेले को वार्षिक लक्की मेले की रिर्हसल मानते हुए तैयारी करनी है। जिससे आने वाले श्याम भक्तों को सुगमता पूर्वक दर्शन हो। डीएम ने सख्ती से कहा कि सभी विभाग समय सीमा में तैयारियों को अंतिम रूप देंगे तथा इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरतेंगे। उन्होंने कहा कि कार्तिक शुक्ल एकादशी पर आयोजित होने वाले मेले में पटाखों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा मंदिर कमेटी दीपदान के लिए आमजन से अपील करेगी। कार्तिक महोत्सव के दौरान पांच मेडिकल टीम 24 घंटे तैनात रहेगी, दो बाइक एम्बुलेंस के साथ ही 104 एम्बुलेंस व स्ट्रेक्चर की व्यवस्था रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा दो टीमे बनाकर 40 कर्मचारी कार्य करेंगे। वहीं नगरपालिका द्वारा सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाया जाएगा। तोरण द्वार से थाना मोड़, मंडा रोड़ से कैरपुरा रोड़ व राजू की चैन से मोदी चोक तक अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसके लिए तहसीलदार महिपाल सिंह, ईओ देवेन्द्र कुमार जिंदल व डीवाईएसपी संजय बोथरा मंथन कर कार्रवाई करेंगे।

बैठक में वैंडिंग व नॉन वैडिंग जोन का समाधान करने को लेकर निर्देशित किया गया तथा ई-रिक्शा का रूट चार्ट तय होगा व इन पर नम्बर लिमिट रखी जाएगी। कस्बे में तिलक लगाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होगी। स्वच्छता का ध्यान रखते हुए धर्मशाला, दुकान,होटल के बाहर कचरा पात्र अनिवार्य होगा और चाट दुकानों को कचरा उठाने की व्यवस्था करनी होगी। मंदिर दर्शन मार्ग में बने शौचालयों को मंदिर कमेटी दुरुस्त करवायेगी।बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी समय पर नहीं आने पर डीएम ने लताड़ लगाई साथ ही 52 बीघा पार्किंग रोड़,जो क्षतिग्रस्त हो गई है, उसे चार दिन में पेचवर्क पर दुरूस्त करवाया जाएगा। इसके साथ ही श्रीधाम धर्मशाला के पास भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी और नगरपालिका पार्किंग की व्यवस्था करेगी। इसके साथ ही आम रास्तों में वाहन खड़े होने से रास्ता अवरूद्ध हो जाता है जिसके लिए आठ क्रेन लगाकर व्यवस्था की जाएगी। रोडवेज द्वारा यातायात के लिए 50 अतिरिक्त बसें लगाई जाएगी। बैठक में श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान, दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर, मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष शर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur