सीकर, जनगणना संचालन निदेशक राजस्थान विष्णु चरण मलिक ने शनिवार को सीकर जिले का दौरा कर जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की प्रगति पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनगणना राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण कार्य
विष्णु चरण मलिक ने कहा कि जनगणना राष्ट्रहित का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के निर्धारण में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण भाव से कार्य करने की अपील की।
कोई भी मकान या परिवार नहीं छूटे
बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान जिले का कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
साथ ही फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव रखने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई।
जिला कलेक्टर ने दी प्रगति की जानकारी
जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी आशीष मोदी ने जिले में स्वगणना से संबंधित प्रशासनिक तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी रतन कुमार, उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा, उपखंड अधिकारी निखिल कुमार पोद्दार, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




