Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / Sikar News : सीकर को जल्द बनाएंगे बाल विवाह मुक्त: सांसद अमराराम

Sikar News : सीकर को जल्द बनाएंगे बाल विवाह मुक्त: सांसद अमराराम

Awareness chariot launched against child marriage in Sikar

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सीकर में रथ यात्रा और हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत

सीकर, सीकर जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जनजागरूकता रथ यात्रा और हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया।

यह अभियान जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग, गायत्री सेवा संस्थान और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के संयुक्त प्रयास से शुरू किया गया है।


सांसद अमराराम ने दिखाई हरी झंडी

रथ यात्रा को सीकर सांसद अमराराम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बाल विवाह समाज की गंभीर कुप्रथा है और यह कानूनन अपराध भी है।
उन्होंने कहा कि इस कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर संकल्प लेना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सीकर जिले को जल्द ही बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।


समाज और संगठनों का सहयोग जरूरी

इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष विजू कृष्णन ने अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर करते हुए कहा कि बाल विवाह से नाबालिग बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है और उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

वहीं पूर्व विधायक और किसान महासभा राजस्थान के अध्यक्ष कॉमरेड पेमाराम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक नेताओं को भी जागरूक करना जरूरी है, तभी इस कुरीति को समाप्त किया जा सकता है।


ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेगी जागरूकता रथ

बाल अधिकारिता विभाग की सहायक उपनिदेशक डॉ. गार्गी शर्मा ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल विवाह रोकथाम का संदेश देगा।

अभियान के दौरान लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध कानून, इसके दुष्परिणाम और बच्चों के अधिकारों के बारे में जानकारी दी जा रही है।


बाल विवाह की सूचना इन हेल्पलाइन पर दें

अभियान के तहत आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं बाल विवाह होने की सूचना मिले तो तुरंत इन हेल्पलाइन पर जानकारी दें:

  • संस्थान हेल्पलाइन: 8239999288
  • चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
  • पुलिस हेल्पलाइन: 112

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर किसान सभा नागौर के अध्यक्ष भागीरथ, नौजवान सभा के राज्य मंत्री किशोर मंडोता, तथा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस और गायत्री सेवा संस्थान के जिला समन्वयक नरेश कुमार सैनी, अभिषेक बगड़िया, जितेंद्र नाथवतपुरा और मीना कुमारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur