राजस्थान के सीकर जिले के जाजोद गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अलग अंदाज देखने को मिला।
रात्रि चौपाल के बाद शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री गांव की गलियों में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
गांव की गलियों में घूमे मुख्यमंत्री
सुबह-सुबह लोग जब घरों से बाहर निकले तो उन्होंने मुख्यमंत्री को गांव की सड़कों पर टहलते हुए देखा।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं और सब्जी विक्रेताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
योजनाओं का लिया फीडबैक
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंदिरों में किए दर्शन
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री गोपीनाथ जी मंदिर और शिव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।
किसानों को दी आधुनिक खेती की सलाह
मुख्यमंत्री ने किसानों से स्थानीय फसलों और पारंपरिक खेती के तरीकों पर चर्चा की।
उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों से उत्पादन और आय दोनों बढ़ाई जा सकती हैं।
मौके पर ही किया समस्याओं का समाधान
ग्रामीणों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कई फैसले लिए।
एक वीरांगना की अपील पर मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र की प्रतिनियुक्ति सीकर-झुंझुनूं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में निरीक्षक पद पर करवाने के निर्देश जारी किए।
यमुना जल समझौते को बताया ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते को राजस्थान के किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में जल संकट दूर होगा और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
ग्रामीणों के साथ की चाय पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पी और UPI के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा दिया।
उन्होंने कहा कि गांव आत्मनिर्भर विकास के मजबूत केंद्र बन सकते हैं और अब पलायन की परंपरा बदलने का समय आ गया है।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए।
ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गांव में रात्रि विश्राम कर लोगों की समस्याओं को इतने करीब से समझने का प्रयास किया है।




