Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / सराहनीय – सीकर के बेटे अशोक सैनी ने अंगदान कर 4 व्यक्तियों को दिया नया जीवन

सराहनीय – सीकर के बेटे अशोक सैनी ने अंगदान कर 4 व्यक्तियों को दिया नया जीवन

अंगदान-महादान की प्रेरणा से परिवारजनों ने अशोक के अंगो को दान करने दी स्वीकृति

सीकर, सीकर के राधाकिशनपुरा के 22 वर्षीय अशोक सैनी पुत्र स्व. श्री प्रभुदयाल सैनी ने इस दुनिया से जाने के बाद चार जिन्दगीयों को अंगदान देकर जीवन प्रदान किया। जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि अशोक सैनी का 11 जनवरी को सड़क दुर्घटना में घायल होने पर श्री कल्याण अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से मणीपाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सो के दलों द्वारा अशोक सैनी को ब्रेन डेड घोषित किये जाने के बाद उनके परिवार में भाई चन्द्रप्रकाश सैनी, बहिन संजू, चरणप्यारी, पिंकी एवं उनकी माता बनारसी देवी ने अशोक सैनी के अंगदान की सहमति प्रदान की। चिकित्सक दल द्वारा हार्ट, लीवर एवं दो किडनी के द्वारा मणीपाल अस्पताल तथा एसएमएस अस्पताल में भर्ती चार जिन्दगियों को बचाया जायेगा। जिसमें एक किडनी मणीपाल अस्पताल में भर्ती नीलम अग्रवाल (29 वर्ष) निवासी – विद्याधर नगर जयपुर, दूसरी किडनी एसएमएस में भर्ती रमेश कुमारी (37 वर्ष) निवासी श्यामपुरा भुंवाना, झुंझुंनूं, लीवर मणीपाल अस्पताल में भर्ती राजेन्द्र सिंह चौहान (51 वर्ष) निवासी सीकर तथा हार्ट एसएमएस अस्पताल में भर्ती कानाराम (28 वर्ष) निवासी – वार्ड नं. 25, सुजानगढ़ को दिया जाकर उनकी जिंदगी बचाई जाएगी।

जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी डॉ. यादव ने देह दान के प्रति जागरूकता लाने तथा अशोक सैनी के परिवार की विपरीत परिस्थिति में भी पीडित मानवता के सेवार्थ किए गए अंगदान के निर्णय की प्रशंसा करते हुए आमजन को परिस्थिति अनुसार अंगदान किये जाने का संदेश दिया। वहीं अशोक सैनी के परिवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से 51 हजार रूपये की आर्थिक सहायता तथा एक परिवार जन को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता दिये जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस पर अशोक सैनी के परिवारजनों को सम्मानित किये जाने के बारे में निर्णय लिया गया है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur