सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रशासक एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने राजस्थान सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत फतेहपुर तहसील के नारसरा गांव निवासी दिवंगत कृषक भागीरथमल की पत्नी एवं नामिनी किस्तूरी देवी को बीमा दावा राशि का चैक सौंपा।
कृषक की खेत में कृषि कार्य के दौरान सर्पदंश (सांप के काटने) से मृत्यु हो गई थी।
परिवार को मिला आर्थिक संबल
चैक वितरण के दौरान जिला कलेक्टर ने परिवार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं कठिन समय में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
साथ ही उन्होंने बैंक अधिकारियों को राज्य सरकार की दुर्घटना बीमा योजना एवं रिस्क रिलीफ फंड (RRF) योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
291 रुपये प्रीमियम पर मिलता है 10 लाख का बीमा
सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक भंवर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बैंक से ऋण लेने वाले प्रत्येक कृषक का मात्र 291 रुपये प्रीमियम पर 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा किया जाता है।
इसके अलावा रिस्क रिलीफ फंड (RRF) योजना के तहत एक प्रतिशत प्रीमियम पर संपूर्ण ऋण राशि का भी बीमा किया जाता है।
किसानों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही योजनाएं
बैंक अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु या अन्य विपरीत परिस्थितियों में यह बीमा योजना किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।
ऐसी योजनाओं का उद्देश्य खेती-किसानी से जुड़े परिवारों को संकट की घड़ी में वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
परिवार ने जताया आभार
बीमा सहायता राशि प्राप्त करने के बाद किस्तूरी देवी एवं उनके परिजनों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और सहकारी बैंक का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से परिवार को कठिन समय में राहत मिलेगी।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक भंवर सुरेंद्र सिंह, मुख्य प्रबंधक मुकेश कुमार मिठारवाल, वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश श्रीवास्तव, मनोज बांगड़वा तथा दाडूंदा ग्राम सेवा सहकारी समिति के व्यवस्थापक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





