फतेहपुर शेखावाटी में लगातार बढ़ रही गंदे पानी और जाम सीवर की समस्या को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। विधायक हाकम अली की शिकायत के बाद जयपुर से RUIDP, चीफ इंजीनियर और L&T के अधिकारियों की टीम फतेहपुर पहुंची।
STP ऑफिस में हुई बड़ी बैठक
अधिकारियों की मौजूदगी में नारीबारी रोड स्थित STP ऑफिस में विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के कई विभागीय अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान शहर में सीवर जाम और गंदे पानी निकासी की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
“अब सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं”
पूर्व सभापति मुस्ताक नजमी ने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि अब केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को जल्द राहत मिलनी चाहिए और सीवर लाइन तथा गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए।
अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण
बैठक के बाद अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सीवर जाम, गंदे पानी की निकासी और रुकावट वाले पॉइंट्स का जायजा लिया गया।
टीम ने कई प्रभावित इलाकों में मौके पर स्थिति का आकलन किया।
वार्ड नंबर 5 की समस्या भी उठी
इमरान हाकम अली ने बताया कि शहर के प्रमुख समस्या वाले स्थानों का निरीक्षण अधिकारियों से करवाया गया है और विभाग ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
वहीं सुरेंद्र महिचा ने वार्ड नंबर 5 में लंबे समय से बनी सीवर समस्या को अधिकारियों के सामने प्रमुखता से उठाया।
कई इलाकों की समस्याएं बताई गईं
पूर्व सभापति मुस्ताक नजमी ने कहा कि मोमिनपुरा, बाईपास पॉइंट, वार्ड नंबर 5 सहित शहर के कई क्षेत्रों में गंदे पानी और सीवर रुकावट की गंभीर समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित इलाकों की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है और जनता को जल्द राहत दिलाने के लिए लगातार फॉलोअप किया जाएगा।





