आफ़ताबे शेखावाटी दरगाह में शुरू हुआ 160वां उर्स, देशभर से जायरीन पहुंचने लगे
सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में स्थित आफ़ताबे शेखावाटी हज़रत ख़्वाजा हाजी मुहम्मद नजमुद्दीन साहिब की दरगाह में 160वें सालाना उर्स मुबारक का आगाज़ धूमधाम से हुआ।
शाम 6 बजे झंडे की रस्म के साथ उर्स की शुरुआत की गई, जो धार्मिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है।
सज्जादानशीन ने किया ध्वजारोहण
असर की नमाज के बाद दरगाह के सज्जादानशीन व मुतवल्ली हज़ूर नसीरे मिल्लत पीर ग़ुलाम नसीर साहिब ने बुलंद दरवाजे पर ध्वजारोहण कर उर्स का विधिवत शुभारंभ किया।
गुस्ल और संदल की रस्म अदा
देर रात दरगाह शरीफ में गुस्ल की रस्म अदा की गई।
मुख्य मजार को गुलाबजल और केवड़े से गुस्ल दिया गया और संदल चढ़ाया गया।
मेले का माहौल, बाहर से आने लगे जायरीन
उर्स के साथ ही दरगाह परिसर में बाहरी जायरीनों का आगमन शुरू हो गया है।
मेले में दुकानों और झूलों की सजावट से पूरा क्षेत्र धार्मिक और उत्सवी माहौल में नजर आ रहा है।
जानें उर्स के प्रमुख कार्यक्रम
उर्स के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे:
- 2-3 अप्रैल: हज़रत पीर नूरुल हसन साहिब का उर्स
- 5 अप्रैल: नजमुल औलिया कॉन्फ्रेंस
- 7 अप्रैल: कदीमी शाही चादर का जुलूस (दोपहर 2 बजे से)
- 8 अप्रैल: कुल की रस्म के साथ समापन
अंतरराष्ट्रीय स्कॉलर देंगे तकरीर
5 अप्रैल को होने वाली कॉन्फ्रेंस में बीजापुर (कर्नाटक) से आए इस्लामिक स्कॉलर पीर सय्यद तनवीर हाशमी साहब अपने विचार रखेंगे।
साथ ही अंतरराष्ट्रीय नात ख्वां शब्बीर बरकाती अपने कलाम पेश करेंगे।
शाही चादर जुलूस का विशेष आकर्षण
7 अप्रैल को कदीमी शाही चादर का जुलूस मोहल्ला चेजारान से गाजे-बाजे के साथ निकलेगा, जो शाम 7 बजे दरगाह पहुंचेगा।
