सीकर जिले के अजीतगढ़ क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम मूंडरू स्थित जालपाली धाम में 21 मई से भव्य 108 कुंडात्मक श्रीराम महायज्ञ का आयोजन होगा। महायज्ञ को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
यह आयोजन श्रीसीताराम मंदिर में साकेतवासी पूज्य संत रामलखन दास महाराज की कृपा से आयोजित किया जा रहा है।
मंदिर परिसर में हुई बैठक
महायज्ञ की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में हरिचरण दास महाराज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसपास के चार दर्जन से अधिक गांवों के लोगों ने भाग लिया।
सुदर्शनदास महाराज ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के अवसर पर 21 मई से 29 मई तक धार्मिक आयोजन होंगे।
अलग-अलग समितियों का गठन
महायज्ञ के सफल संचालन के लिए कार्यकर्ताओं की अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।
इन समितियों को कलश यात्रा, पार्किंग व्यवस्था, भोजनशाला, संत सम्मेलन, सफाई, टेंट और डेकोरेशन जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यकर्ता लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
21 मई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
महायज्ञ की शुरुआत 21 मई सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी।
यह यात्रा बिहारजी मंदिर से जालपाली धाम तक निकाली जाएगी। यात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्घी और रथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
रथों में देशभर से आए पीठाधीश्वर, महामंडलेश्वर, संत, श्रीमहंत और साधु-संत शामिल होंगे।
संत और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संतों के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यज्ञाचार्य नंदन मिश्र, कार्यक्रम संयोजक हरिचरण दास महाराज और सुदर्शनदास महाराज लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।





