शराब, डीजे और पशुबलि पर पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निर्देश
सीकर जिले के जीणमाता शक्तिपीठ में 19 से 27 मार्च तक होने वाले 9 दिवसीय चैत्र नवरात्रा मेले 2026 की तैयारियों के लिए बुधवार को एडीएम रतन कुमार ने मंदिर कमेटी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
एडीएम ने कहा कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल सुविधाएं
- पुलिस जाब्ता, होमगार्ड्स, एनसीसी वालंटियर और मंदिर कमेटी के सुरक्षा गार्ड तैनात होंगे।
- 5 एम्बुलेंस और 5 मेडिकल टीम गठित की जाएंगी।
- डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
पेयजल, बिजली और साफ-सफाई
- जनस्वास्थ्य विभाग पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
- अजमेर विद्युत वितरण निगम बिजली आपूर्ति और मंदिर क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करेगा।
- ग्राम पंचायत साफ-सफाई और अस्थायी दुकानों का लॉटरी आवंटन करेगी।
यातायात, पार्किंग और ई-रिक्शा व्यवस्था
- रोडवेज और परिवहन विभाग पर्याप्त बसों की व्यवस्था करेगा।
- असहाय श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा और व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएगी।
- सड़कों पर कंटीली झाड़ियों की कटाई और संपर्क मार्गों का पेचवर्क 16 मार्च से पूर्व पूरा किया जाएगा।
प्रतिबंध और विशेष निर्देश
- शराब की बिक्री, डीजे और पशुबलि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
- अवैध भंडारण और कचरा फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में दांतारामगढ़ एसडीएम मौनिका सामौर, सीकर एएसपी तेजपाल सिंह, जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया, तहसीलदार शैलजा, विकास अधिकारी विरेन्द्र भाटी, जिला समन्वयक राकेश लाटा सहित कई जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और मंदिर कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
