सीकर, प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में संचालित निजी बस स्टैंडों को एकीकृत करने को लेकर नगर पालिका सभागार में प्राइवेट बस यूनियन संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अधिशाषी अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी ने की। इस दौरान बस संचालन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
पांच निजी बस स्टैंड होंगे एकीकृत
बैठक में वर्तमान में संचालित पांच निजी बस स्टैंडों
- रींगस-दांता
- खाटूश्यामजी-सीकर
- खाटूश्यामजी-सालासर
- खाटूश्यामजी-जयपुर
- उपनगरीय बस सेवा जयपुर
—को एकीकृत कर एक केंद्रीय बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।
इस प्रस्ताव पर सभी बस यूनियन संचालकों ने सहमति जताई।
मॉडल बस स्टैंड पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान कुचामन और रेनवाल में संचालित एकल बस स्टैंड व्यवस्था का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया।
इसके साथ ही मॉडल बस स्टैंड को पीपीपी मोड पर संचालित करने का सुझाव रखा गया, लेकिन बस यूनियन संचालकों ने इसे नगर पालिका द्वारा संचालित किए जाने का मत रखा।
स्लीपर बसों को कस्बे से बाहर रखने पर सहमति
बैठक में स्लीपर बसों के संचालन को मुख्य कस्बे से बाहर रखने और आपसी तालमेल से बेहतर संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
कई अधिकारी और संचालक रहे मौजूद
बैठक में कनिष्ठ अभियंता पूर्णमल कुमावत, स्वास्थ्य निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार कुंडी सहित सभी बस यूनियन संचालक मौजूद रहे।




