सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे के राजकीय उपजिला अस्पताल में रविवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई अव्यवस्थाएं सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
पीएमओ और बीसीएमओ को किया तलब
कलेक्टर ने पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह निठारवाल और बीसीएमओ डॉ. नीतेश शर्मा को मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में रिपोर्ट सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए।
ओपीडी में स्टाफ गायब, परिसर में लोग सोते मिले
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक महिला और एक पुरुष सोते हुए पाए गए।
पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
इसके अलावा ओपीडी में कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
सोनोग्राफी लैब और नर्सिंग कक्ष पर ताला
अस्पताल में सोनोग्राफी लैब और नर्सिंग अधीक्षक कक्ष पर ताला लगा मिला।
इस पर कलेक्टर ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कार्मिक चाबी अपने साथ कैसे ले जा सकते हैं।
इमरजेंसी में एक ही डॉक्टर, दिए सख्त निर्देश
इमरजेंसी में केवल एक चिकित्सक की ड्यूटी होने पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन दो डॉक्टरों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।
अस्पताल के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने एमएए, लेबर रूम, शौचालय, वार्ड और सोनोग्राफी कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नए अस्पताल भवन के लिए स्थल निरीक्षण
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी द्वारा प्रस्तावित एसडीएच भवन निर्माण के लिए चिन्हित स्थल का भी जायजा लिया।
इस दौरान दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी मोनिका सामौर भी मौजूद रहीं।



