श्रद्धालुओं ने ठंडे पकवानों का भोग लगाया, मेले और भजन संध्या का आयोजन
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में शीतलाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां शीतला को ठंडे पकवानों का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
बुधवार को मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
मंदिर समिति की ओर से विशेष मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान बच्चों, महिलाओं और पुरुषों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
संत सानिध्य में हुआ रात्रि जागरण
शीतलाष्टमी से पूर्व रात्रि में चुवास फतेहपुर के संत निश्चल नाथजी महाराज के सानिध्य में रात्रि जागरण और भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भजनों की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
कलाकारों ने प्रस्तुत किया ढप नृत्य
मेले के अवसर पर सेठों की कोठी के कलाकारों ने पारंपरिक ढप नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
संत का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने संत श्री निश्चल नाथजी महाराज का माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया तथा उनसे आशीर्वाद लिया।
अंत में आयोजकों ने मेले में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
