सीकर, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक सेवाओं को गांव स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 जून (गुरुवार) को सीकर जिले के सभी उपखंडों में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई एवं अटल जन सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने दी।
सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा आयोजन
जिला प्रशासन के अनुसार जनसुनवाई शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक किया जाएगा। शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।
अटल जन सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पंचायत समिति स्तर पर नियुक्त किए गए पर्यवेक्षण अधिकारी
जनसुनवाई प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में पर्यवेक्षण अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
इन अधिकारियों की जिम्मेदारी शिविरों की निगरानी, शिकायतों के निस्तारण और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना होगा।
खंडेला में जनसुनवाई करेंगे जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी स्वयं पंचायत समिति खंडेला में आयोजित अटल जन सेवा शिविर में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि मौके पर ही अधिकतम मामलों का समाधान किया जा सके।
प्रशासन आमजन से कर रहा सहभागिता की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव लेकर जनसुनवाई शिविर में पहुंचें ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इन शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है।





