राजस्थान दिवस पर सीकर में स्वच्छता का संदेश
राजस्थान दिवस के अवसर पर सीकर में जिला स्तरीय स्वच्छता सप्ताह अभियान की शुरुआत शनिवार को की गई।
सांवली रोड स्थित माधव सागर तालाब पर जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
अधिकारियों ने किया श्रमदान
स्वच्छता सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी, जिला परिषद के सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालाब परिसर में सफाई की।
इस दौरान राजस्व अधिकारी महेश योगी, सुरेंद्र, पूर्व एडीएम ईश्वर सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
आमजन को दिया स्वच्छता का संदेश
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि पार्क, तालाब, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक और गंदगी न फैलाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी खाद्य पदार्थ के उपयोग के बाद निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में ही डालें, ताकि शहर स्वच्छ बना रहे।
स्वच्छता की दिलाई शपथ
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
साथ ही हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
15 से 19 मार्च तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी ने बताया कि राजस्थान दिवस के अवसर पर श्रमदान कर स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि 15 मार्च से 19 मार्च तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
