सीकर जिले के बजाज ग्राम सांवली स्थित श्री कल्याण आरोग्य सदन मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का गुरुवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
टीबी यूनिट और डायलिसिस सेंटर का किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर ने अस्पताल की टीबी यूनिट, फिजियोथेरेपी सेंटर और डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, उपचार प्रक्रिया और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार, स्वच्छता और भोजन व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया।
मरीजों ने जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान मरीजों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सकों के व्यवहार और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में यह अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने ट्रस्ट और अस्पताल स्टाफ की सराहना करते हुए कहा,
“सेवा भावना के साथ किया जा रहा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन
इस अवसर पर कोलकाता के नीरू संदीप सेक्सरिया द्वारा प्रायोजित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती मौजूद रहे।
अतिथियों ने कंप्यूटर लैब का अवलोकन करते हुए इसे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, आरपी पंसारी, सचिव कांताप्रसाद मोर, अभिषेक मोर, जगदीश चौकडीका, पन्ना लाल सारडा सहित अस्पताल ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।




