Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / Sikar News : जिला कलेक्टर की सख्ती, राजस्थान संपर्क प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Sikar News : जिला कलेक्टर की सख्ती, राजस्थान संपर्क प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Sikar Collector reviewing Rajasthan Sampark complaints and flagship schemes

सीकर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

60 दिन से लंबित प्रकरणों पर विशेष फोकस

कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित परिवेदनाओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

फील्ड विजिट बढ़ाने के निर्देश

बैठक में समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा, पीएचईडी और विद्युत विभाग के अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर परिवादियों से संवाद करें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

यूडीआईडी कार्ड और एचपीवी टीकाकरण पर जोर

जिला कलेक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को यूडीआईडी (UDID) कार्ड निर्माण की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए।

साथ ही एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने और पात्र लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया।

ब्लॉक स्तर पर होंगी विशेष बैठकें

एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सीडीपीओ और आरसीएचओ की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने एसडीएम, बीडीओ और सीबीईओ को ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने को कहा।

नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर जोर

कलेक्टर मोदी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने वीक्षकों के पहचान-पत्र जारी करने तथा परीक्षा की पारदर्शिता और सुचिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक किया जाएगा।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। इसके अलावा सीएचसी, पीएचसी, विद्यालयों, मदरसों और संस्कृत विद्यालयों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लाईट्स पोर्टल प्रकरणों पर भी दिए निर्देश

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने स्थानीय निकाय, सहकारिता, उद्योग और वन विभाग सहित अन्य अधिकारियों को लाईट्स पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर समय पर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला परिषद सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, विद्युत विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur