राजस्थान संपर्क पोर्टल और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
सीकर, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आवश्यक सेवाओं, फ्लैगशिप योजनाओं और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की गई।
शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं का संतुष्टि स्तर बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को तैयारी के निर्देश
कलेक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को जिले में लू और बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग तथा विद्युत, ऊर्जा और चिकित्सा विभाग से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति बढ़ाने पर जोर
एडीएम शहर भावना शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और जवाबों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने इन योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए:
- लाड़ो प्रोत्साहन योजना
- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)
- अटल प्रगति पथ
- प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)
इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
बच्चियों के लिए एचपीवी वैक्सीन पर जानकारी
बैठक में आरसीएचओ डॉ. विशाल सिंह ने 14 वर्ष तक की बच्चियों में सर्वाइकल कैंसर रोकथाम के लिए लगाए जाने वाले एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाली 14 वर्ष की सभी बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने में सहयोग करें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अशोक महारिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, चिकित्सा अधीक्षक प्रियंका अमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा कृषि, सार्वजनिक निर्माण, विद्युत और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता भी बैठक में उपस्थित रहे।
