सीकर में सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल, अवैध खनन, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान और हरियालो राजस्थान अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय और राज्य मानवाधिकार आयोग से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए।
जल संरक्षण और पौधारोपण पर फोकस
बैठक में आगामी वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान और हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को जिले में अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं विकसित करने और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जिले में 31.50 लाख पौधारोपण के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
अवैध खनन पर सख्ती
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने अवैध खनन के मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार पेनल्टी लगाई जाए और राजस्व वसूली बढ़ाई जाए।
साथ ही माइनिंग लीजधारकों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए श्रमिकों से कार्य करवाने के निर्देश दिए गए।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सभी परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाने को भी कहा गया।
बिजली और पानी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को विद्युत और पेयजल संबंधी शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
साथ ही आरडीएसएस, पीएम अभिम और अटल प्रगति पथ जैसी योजनाओं में प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भावना शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, सीएमएचओ डॉ. अशोक महारिया, डीएफओ दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





