गिव अप अभियान में सीकर में 2.21 लाख लोगों ने छोड़ा खाद्य सुरक्षा लाभ
सीकर जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत चल रहे गिव अप अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है।
जिले में अब तक 2,21,055 लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ दिया है।
अपात्र लोगों को जारी किए नोटिस
जिला रसद अधिकारी विजेंद्र पाल ने बताया कि गिव अप अभियान के तहत सीकर जिले में 1246 अपात्र लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इन लोगों से अब वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रदेशभर में लाखों लोगों ने छोड़ा लाभ
खाद्य विभाग के अनुसार 1 नवम्बर 2024 से शुरू हुए गिव अप अभियान में अब तक राजस्थान में 48 लाख 87 हजार लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ा है।
इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।
इन मापदंडों पर किया जा रहा निष्कासन
सरकार द्वारा तय मापदंडों के अनुसार निम्न श्रेणी के लोग खाद्य सुरक्षा योजना के लिए अपात्र माने जाते हैं:
- परिवार में कोई आयकर दाता हो
- परिवार का कोई सदस्य सरकारी/अर्द्धसरकारी या स्वायत्तशासी संस्था में कर्मचारी हो
- एक लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय हो
- परिवार में चार पहिया वाहन हो (ट्रैक्टर जैसे जीविकोपार्जन के वाहन को छोड़कर)
उचित मूल्य दुकानों पर होगा निरीक्षण
अब खाद्य विभाग के प्रवर्तन अधिकारी और निरीक्षक उचित मूल्य दुकानों पर औचक निरीक्षण करेंगे।
वे अपात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर नोटिस जारी करने और वसूली की कार्रवाई करेंगे।
इसके साथ ही विभाग जल्द ही परिवहन विभाग से चार पहिया वाहन मालिकों का डाटा लेकर भी जांच करेगा।
