Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / सीकर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से 10 वर्षीय बच्ची की मौत: छठी मंजिल से लिफ्ट पैनल में गिरकर हादसा

सीकर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से 10 वर्षीय बच्ची की मौत: छठी मंजिल से लिफ्ट पैनल में गिरकर हादसा

सीकर, उद्योग नगर थाना इलाके के शास्त्री नगर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 10 वर्षीय बच्ची की छठी मंजिल से गिरने पर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्ची अपनी मां के सामने निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल पर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह लिफ्ट के लिए बनाए गए खुले पैनल में गिर गई और सीधा नीचे आ गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरने की तेज आवाज सुनते ही मौके पर काम कर रहे मजदूर नीचे की ओर दौड़े। बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था। उसे तुरंत एसके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां बिल्डिंग में कर रही थी मजदूरी, पिता दूसरी साइट पर काम पर

थानाधिकारी राजेश बुडानिया ने बताया कि मृतक बच्ची रेखा बाई (10) मध्यप्रदेश के गुना जिले के मोहरी खुर्द निवासी पूरणमल की बेटी थी। पूरणमल की पत्नी कुसुम बाई घटना के समय उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी कर रही थी। इसी दौरान रेखा छठे फ्लोर पर खेल रही थी और लिफ्ट के लिए छोड़ी गई खुली जगह में गिर गई।

बुडानिया ने बताया कि बच्ची के गिरते ही मजदूरों ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन सिर की गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही स्थिति अत्यंत नाजुक हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बच्ची को अस्पताल पहुंचाने पर भी नहीं बच सकी जान

एसके अस्पताल की ट्रॉमा यूनिट की चिकित्सक डॉ. वैशाली जैन ने बताया कि बच्ची को जब अस्पताल लाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके सिर में अत्यधिक गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण काफी खून बह गया था।

निर्माणाधीन इमारतों में सुरक्षा उपायों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur