सीकर, आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून-2026 की तैयारियों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में नालों की सफाई, जलभराव की समस्या, सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न विभागों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
सभी विभागों के संपर्क नंबर होंगे सार्वजनिक
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मानसून अवधि के दौरान सभी संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को सीधे अधिकारियों से संपर्क करने में सुविधा मिलनी चाहिए।
साथ ही जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम (251008) को 24 घंटे संचालित रखने और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम को भी हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और नगर परिषद को मानसून से पहले सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, साइनेज और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा जेसीबी, क्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, सैंडबैग और अन्य राहत संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पेयजल और सीवरेज लाइन की होगी जांच
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को निर्देशित किया गया कि सीवरेज और पेयजल लाइनों के मिश्रण की संभावनाओं की पहले से जांच कर ली जाए।
बारिश के बाद जल गुणवत्ता परीक्षण नियमित रूप से किया जाए और पाइपलाइन लीकेज की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर
नगर परिषद को शहर की सड़कों के गड्ढे भरने, जलभराव वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने नगर परिषद और नेशनल हाईवे प्राधिकरण के बीच समन्वय स्थापित कर हाईवे पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करने को कहा।
हर्ष पर्वत क्षेत्र में होगा सर्वे
बैठक में वन विभाग को हर्ष पर्वत की तलहटी में एनीकट निर्माण की संभावनाओं का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इस पहल का उद्देश्य वर्षाजल संचयन बढ़ाना और भूजल पुनर्भरण को प्रोत्साहित करना है।
स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश
जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी रखने को कहा।
उन्होंने जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी स्तर तक चिकित्सकों की सूची सार्वजनिक करने तथा 108 एम्बुलेंस, आईसीयू और अन्य चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उपखंड अधिकारियों को रात्रिकालीन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया।
पुलिस और शिक्षा विभाग भी रहेगा अलर्ट
पुलिस विभाग को कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, आरएसी जवानों और गोताखोरों की सूची तैयार रखने तथा लाइफ जैकेट, रस्सियों सहित बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालय भवनों की आवश्यक मरम्मत करवाने और विद्यार्थियों को तालाबों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
“मानसून से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहे, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।” आशीष मोदी, जिला कलेक्टर
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार स्वामी, एडीएम (सिटी) भावना शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजपाल यादव, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, सीओ सिटी संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





