सीकर में निकली वन्दे गंगा प्रभात फेरी, जल बचाने का संदेश
सीकर में सोमवार को “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान–2026” के तहत वन्दे गंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी को अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जल संरक्षण का दिया संदेश
जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस प्रभात फेरी में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली जिला कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर कल्याण सर्किल, कल्याण अस्पताल, श्री कल्याण महिला महाविद्यालय, कल्याण स्कूल, कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन होते हुए बजरंग कांटा स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची।
हाथों में तख्तियां लेकर निकले विद्यार्थी
प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर आमजन को जल बचाने, नदियों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देते नजर आए।
रैली में प्रतिभागियों ने “जल है तो कल है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पानी के महत्व के प्रति जागरूक किया।
एडीएम रतन कुमार ने कही यह बात
अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के जरिए आमजन को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को जल स्रोतों के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कई अधिकारी और सामाजिक संगठन रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, सहायक निदेशक पूरणमल, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. सीपी महर्षि, जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश जेमन, जिला खेल अधिकारी प्रकाश गोदारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, स्काउट-गाइड के विद्यार्थी तथा सामाजिक संगठनों के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूरी खबर यहाँ पर मिलेगी –सीकर जिले से अमित शर्मा बने सुजस प्रश्नोत्तरी के एकमात्र विजेता





