सीकर नगर परिषद ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए शहर में प्री-मानसून पेंच वर्क अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत शहर की क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
यह अभियान जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।
बारिश से पहले सड़कों को बनाया जाएगा सुरक्षित
नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में शहर की मुख्य सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने का कार्य किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव और खराब सड़कों के कारण होने वाली परेशानी को कम करना है।
गड्ढों की मरम्मत का कार्य तेज
नगर परिषद की टीम द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों पर पेंच वर्क कर गड्ढों को भरा जा रहा है।
कार्य के दौरान अधिशाषी अभियंता प्रवीण चौधरी, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र भास्कर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नालों और सफाई व्यवस्था पर भी फोकस
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद प्री-मानसून तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए सड़कों के साथ-साथ नालों और सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव और यातायात बाधित जैसी समस्याओं को रोकने के लिए समयबद्ध कार्य किए जा रहे हैं।
गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
वरिष्ठ आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पेंच वर्क कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर जल्द से जल्द कार्य पूरा कर आमजन को राहत देने को कहा।





