Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / Sikar News : राजस्थान संपर्क पोर्टल मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Sikar News : राजस्थान संपर्क पोर्टल मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Sikar Collector reviewing Rajasthan Sampark Portal cases with officials

सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान और हरियालो राजस्थान अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों और प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि में लगातार सुधार हो सके।

लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश

बैठक में जिला कलेक्टर ने मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, राज्य मानवाधिकार आयोग और लोकायुक्त कार्यालय से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाएं और निर्धारित समयसीमा में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

दांतारामगढ़ में होगी प्रगतिशील किसानों की कार्यशाला

जिला कलेक्टर ने कृषि विभाग के उपनिदेशक को निर्देश दिए कि 3 जून को दांतारामगढ़ पंचायत समिति में आयोजित होने वाली प्रगतिशील किसानों की कार्यशाला की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।

वंदे गंगा अभियान के तहत जल संरक्षण पर जोर

कलेक्टर आशीष मोदी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को निर्देश दिए कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत पेयजल लाइनों की लीकेज मरम्मत, जलाशयों और टंकियों की सफाई, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियां तेज

बैठक में वन विभाग को हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण की तैयारियां शुरू करने, गड्ढे खोदने, जल संरक्षण संरचनाओं की सफाई और 5 जून को सभी नर्सरियों में विशेष सफाई एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

सार्वजनिक निर्माण विभाग को सरकारी भवनों में स्थित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (RWHS) की सफाई और सड़क किनारे पौधारोपण की तैयारी करने को कहा गया।

इनवायरमेंट मैराथन में अधिक भागीदारी का आह्वान

जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि 4 जून को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा इनवायरमेंट मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से इसमें अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विशेष निर्देश

अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि जिले में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं। ऐसे में विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आवश्यक चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखे।

अधिकारियों को समय पर जवाब भेजने के निर्देश

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री कार्यालय, मानवाधिकार आयोग और लोकायुक्त कार्यालय से प्राप्त मामलों का समय पर जवाब भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ दीपक कुमार, सीएमएचओ डॉ. अशोक महारिया, जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश जेमन, डीटीओ ताराचंद बंजारा, एलडीएम नंदलाल, डीओआईटी संयुक्त निदेशक सत्यनारायण चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur