सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने राजस्व कार्यों को मिशन मोड में लेकर कार्य करने पर जोर दिया।
सीएचसी और पीएचसी के लिए भूमि आवंटन के निर्देश
बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित सीएचसी एवं पीएचसी के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बासड़ी, समर्थपुरा, बाल्यावास, भवानीपुरा, दुल्हेपुरा, घोराना, खेरपुरा, कालाखेत और हरिपुरा में लंबित भूमि आवंटन कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
लंबित राजस्व मामलों की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने सीकर, दांतारामगढ़ और नीमकाथाना उपखंडों में लंबित राजस्व न्यायालय प्रकरणों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिक पेंडेंसी वाले मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर मंगलवार होगी पटवारियों की समीक्षा बैठक
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मंगलवार को पटवारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
साथ ही धारा 291, रास्तों के विवाद, चारागाह भूमि पर अतिक्रमण और भूमि रूपांतरण मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
रात्रि चौपालों के आयोजन पर जोर
उन्होंने कहा कि जिला और उपखंड स्तर पर रात्रि चौपालों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए।
कलेक्टर ने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में जिले की पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सभी उपखंड अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने और पानी सप्लाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने खाटूश्यामजी क्षेत्र में बिना अनुमति अतिरिक्त ट्यूबवेल खोदे जाने पर पीएचईडी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
“वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” पर फोकस
25 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना-2027 और लंबित शिकायतों पर चर्चा
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने जनगणना-2027 के तहत एचएलओ ऐप पर शहरी एंट्री कार्य में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं, संपर्क पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।





