नगर परिषद ने जारी की अधिसूचना, 7 दिन में मांगी आपत्तियां
सीकर। शहरवासियों को लगातार जाम से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है।
शहर के चार प्रमुख मार्गों की चौड़ाई बढ़ाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। आमजन से 7 दिन के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं।
जोनल प्लान के अनुसार बढ़ेगी चौड़ाई
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि जोनल प्लान के तहत संपर्क सड़कों को विकसित किया जाएगा।
पुलिस लाइन फाटक से झुंझुनूं बाईपास को जोड़ने वाले मार्ग की चौड़ाई 40 फीट करने की तैयारी है। इस मार्ग पर सुबह-शाम कई घंटे जाम की स्थिति रहती है।
वहीं पोलोग्राउंड से बीकानेर बाईपास जाने वाले मार्ग को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा।
एजुकेशन जोन को मिलेगा फायदा
एजुकेशन जोन से झुंझुनूं बाईपास को जोड़ने वाली सड़क भी 40 फीट की जाएगी।
जयपुर रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के सामने से बसंत विहार होते हुए सहकारी समिति कार्यालय तक की सड़क भी 40 फीट चौड़ी होगी।
इससे बजरंग कांटा और डिपो तिराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
3000 से अधिक दुकान-मकान दायरे में
सूत्रों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की जद में तीन हजार से अधिक दुकान और मकान आ सकते हैं।
हालांकि, लंबे समय से स्थानीय लोग इन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे।
पहले भी हुई कार्रवाई
नगर परिषद इससे पहले राधाकिशनपुरा और मोचीवाड़ा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की कवायद शुरू कर चुकी है। वहां सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अन्य चार मार्गों का चयन किया गया है।
