पुलिस लाइन रोड और रामपुरा रोड पर 40 से 60 फीट चौड़ाई के लिए निशान
सीकर, शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नगर परिषद सीकर ने सड़क चौड़ाईकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
शनिवार को नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों पर मौके पर पहुंचकर सड़क चौड़ाईकरण के लिए निशानदेही की।
इन सड़कों पर होगी चौड़ाई बढ़ाने की कार्रवाई
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस लाइन रोड पर फाटक नंबर 2 से पुरोहितजी की ढाणी होते हुए शिव मंदिर तक सड़क की चौड़ाई 40 फीट निर्धारित करते हुए निशान लगाए गए।
इसके अलावा रामपुरा रोड पर झूलेलाल चौक से एम.आर. गौड़ स्कूल होते हुए जयपुर-बीकानेर बाईपास तक सड़क को 60 फीट चौड़ा करने के लिए भी निशानदेही की गई।
मास्टर प्लान के अनुसार हो रहा काम
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि यह कार्य शहर के मास्टर प्लान और जोनल प्लान के अनुसार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ाईकरण से यातायात जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी और आमजन को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर के विकास और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी नागरिक इस कार्य में सकारात्मक सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ाईकरण से भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर और व्यवस्थित होगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान कार्रवाई में एटीपी नरेंद्र कुमार नट, सहायक अभियंता प्रवीण चौधरी और विकास मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता निधि चौधरी और पिंकी मीणा, प्रवर्तन दस्ता टीम, संबंधित जोन प्रभारी और सफाई कर्मी मौजूद रहे।
