सीकर। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को श्री कल्याण अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों से पूछा उपचार और दवाइयों का हाल
प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से उपचार, दवाइयों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
साथ ही मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अस्पताल प्रशासन को तुरंत अवगत कराने की बात कही।
ICU यूनिट का किया निरीक्षण
प्रभारी मंत्री ने अस्पताल की आईसीयू यूनिट का निरीक्षण करते हुए पीएमओ से गंभीर मरीजों के उपचार, ब्लड की उपलब्धता और चिकित्सा संसाधनों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर उपचार मिले और चिकित्सा सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मनोचिकित्सा और मेडिकल वार्ड का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान संजय शर्मा ने मनोचिकित्सा वार्ड और मेल मेडिकल वार्ड का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने वार्डों की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अस्पताल परिसर और शौचालयों की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया।
प्रभारी मंत्री ने शौचालयों में नियमित सफाई और साबुन सहित जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
वृद्ध मरीजों के लिए विशेष निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अस्पताल के रामाश्रय वार्ड का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस वार्ड में केवल वृद्धजन मरीजों को रखा जाए ताकि उन्हें शांत और बेहतर वातावरण में उपचार मिल सके।
साथ ही वृद्ध मरीजों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
OPD व्यवस्था की समीक्षा
संजय शर्मा ने अस्पताल की ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों की पंजीयन व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श और दवा वितरण प्रणाली की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच और उपचार सुविधा मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रभारी मंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान धोद विधायक गोरधन वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, डिप्टी पीएमओ कैलाश चौधरी, डॉ. मिथलेश सागर, मगन सिंह शेखावत, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित कई अधिकारी और चिकित्सा कर्मचारी मौजूद रहे।





